Apple iPhone Duo की बिक्री शुरू हो गई है। लोग अलग-अलग वेबसाइट्स पर जाकर फोन पर मिल रहे ऑफर्स तलाश रहे हैं। लोगों की इस जरूरत का फायदा स्कैमर्स उठा रहे हैं। स्कैमर्स नए आईफोन डुओ की बढ़ती लोकप्रियता का फायदा उठाकर कुछ खरीदारों को अपना निशाना बना रहे हैं। साइबर सुरक्षा कंपनी कैस्पर्सकी ने दुनिया भर में ऑनलाइन ठगी करने वाले कई अभियानों का पता लगाया है। ये ठग फर्जी वेबसाइटों, झूठे डिस्काउंट ऑफर और नकली प्री-ऑर्डर के जरिये लोगों को लालच देकर उनके साथ ठगी कर रहे हैं। आइए, जानते हैं।
आईफोन डुओ पर 25% का डिस्काउंट का सच


आईफोन डुओ की बिक्री 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक फेक अंग्रेजी वेबसाइट आईफोन डुओ पर 25% की छूट दिखाकर लोगों के साथ ठगी कर रही है। वेबसाइट पर लिस्ट किए गए आईफोन डुओ का डिजाइन बिल्कुल असली फोन जैसा लग रहा है। वेबसाइट ने ग्राहकों के फोन नंबर और घर का पता तो मांग लिया, लेकिन पेमेंट की डिटेल तुरंत नहीं मांगी। इसके बजाय उसने कहा कि सामान पहुंचाने और पेमेंट की बात पक्की करने के लिए मैनेजर बाद में खुद फोन करेगा।


कैस्पर्सकी की चेतावनी


कैस्पर्सकी ने सावधान किया है कि यह ठगी का एक नया तरीका हो सकता है, जिससे आगे चलकर आपके पैसों का नुकसान हो सकता है।

  • रिसर्चर को कई भाषाओं वाली ऐसी वेबसाइटें भी मिलीं, जिनमें स्मार्टफोन के फीचर्स लिस्ट किए गए थे और ग्राहकों को प्री-ऑर्डर करने के लिए कहा गया था। इन पेजों पर यूजर्स अपनी पसंद की करेंसी सिलेक्ट कर सकते थे।

  • साथ ही, इनमें यह दावा किया गया था कि खरीदारों को ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट पर भेज दिया जाएगा, लेकिन यह दावा झूठा निकला।

  • एक अलग धोखाधड़ी अभियान में पुर्तगाली बोलने वाले ग्राहकों को निशाना बनाया गया। इसमें खरीदारों से कहा गया कि वे प्रोडक्ट की उपलब्धता जांचने के लिए अपना ईमेल पता और अपने व्हाट्सऐप अकाउंट से जुड़ा फोन नंबर दें।


नहीं दें बैंक डिटेल


कैस्पर्सकी ने चेतावनी दी है कि इस तरह आपकी पर्सनल जानकारी जैसे नाम, फोन नंबर या पता पाने ने के बाद ठग आपको और आसानी से बेवकूफ बना सकते हैं। वे आपकी ही जानकारियों का इस्तेमाल करके आपको अपनी बातों में फंसाएंगे, ताकि आप उनसे अपने पासवर्ड या बैंक डिटेल जैसी चीजें शेयर कर दें या फिर कोई गलत कदम उठा लें, जिससे आपकी सुरक्षा खतरे में पड़ जाए।​


कैस्पर्सकी ने खरीदारों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक विक्रेताओं से ही फोन खरीदें और अपनी पर्सनल जानकारी शेयर करने से पहले वेबसाइट के पते और नाम की पुष्टि कर लें।

  1. कंपनी ने ऑनलाइन खरीदारी के लिए ऐसे सुरक्षा सॉफ्टवेयर का उपयोग करने को कहा है, जो धोखाधड़ी करने वाले स्टोर का पता लगाता है और फिशिंग लिंक को ब्लॉक करता है।

  2. साथ ही, वर्चुअल कार्ड या सुरक्षित पेमेंट सर्विस का उपयोग करने की भी सलाह दी है।

  3. ग्राहकों को अपने वित्तीय खातों पर टू-फेक्टर ऑथेंटिकेशन इनेबल करना चाहिए, पासवर्ड मैनेजर का उपयोग करना चाहिए।