कटनी के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयराघवेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को कलेक्टर को पत्र लिखा। उन्होंने धान और गेहूं की कटाई के लिए हार्वेस्टर पर लगाई गई शर्तें हटाने और पहले की तरह कटाई की अनुमति देने की मांग की है।
स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाना अनिवार्य
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के 9 मार्च के आदेश के तहत हार्वेस्टर से धान और गेहूं की कटाई के लिए स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाना अनिवार्य किया गया है। पूर्व विधायक के मुताबिक, इस शर्त से किसानों और हार्वेस्टर संचालकों का खर्च बढ़ गया है। किसानों पर करीब 3,500 रुपए प्रति एकड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
किसानों के हित में हस्तक्षेप की मांग
पत्र में सिंह ने कहा कि जिले के किसान पहले से ही मौसम की मार और बढ़ती उत्पादन लागत से परेशान हैं। ऐसे में हार्वेस्टर पर अतिरिक्त शर्तें लागू होने से उनकी परेशानी और बढ़ रही है। उन्होंने कलेक्टर से किसानों के हित में हस्तक्षेप कर शर्तें हटाने और पहले की तरह हार्वेस्टर से धान-गेहूं की कटाई की अनुमति देने की मांग की है।