गैंगस्टर लॉरेंस को हाल ही में अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल के हाई-सिक्योरिटी '200 खोली' ब्लॉक में शिफ्ट किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ब्लॉक में 2008 सीरियल ब्लास्ट के आतंकियों समेत गंभीर अपराधों के दोषियों को रखा जाता है।

लॉरेंस को अलग रखने और कैदियों की एक-दूसरे के सेल में आवाजाही रोकने के लिए ब्लॉक को चार हिस्सों में बांटा गया है। हर हिस्से में 50 कैदी हैं। लॉरेंस का सेल करीब 7.5x11 फीट का है। लॉरेंस इस जेल में 10 मई 2023 से बंद है।

लॉरेंस के नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, पिछले दो साल से लॉरेंस का कोई सीधा संपर्क सामने नहीं आया है। साबरमती जेल में बंद होने के बावजूद उसका गिरोह विदेश से संचालित हो रहा है।

18 अक्टूबर को मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने ली थी।

पहले जेल की दस खोली ब्लॉक में था लॉरेंस

लॉरेंस को इससे पहले साबरमती जेल के ही ‘10 खोली’ नाम के हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक में रखा गया था, जहां सिर्फ 10 कैदियों के रहने की जगह थी। इससे पहले वह दिल्ली की तिहाड़ जेल और पंजाब की अलग-अलग जेलों में भी बंद रह चुका है।

फोन कॉल और बाहरी संपर्क पर सख्ती

  • 2023-24 से पहले लॉरेंस पर जेल से फोन के जरिए रंगदारी मांगने और धमकाने के आरोप लगे थे।

  • जेल में रहते हुए उसके इंटरव्यू और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी चर्चा में रही।

  • जांचकर्ताओं के मुताबिक, पिछले दो साल में उसकी ओर से कोई सीधा फोन कॉल या संपर्क सामने नहीं आया है।

  • अब बाहरी संपर्क और डिजिटल पहुंच सीमित कर उस पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

विदेश से संचालित हो रहा गैंग

दरअसल, जेल में बंद होने के बावजूद लॉरेंस का गिरोह विदेश से संचालित होने की बात सामने आई है।

उसके प्रमुख सहयोगियों का समूह, जिसे रिपोर्ट में ‘शैडो कैबिनेट’ कहा गया है, रोजमर्रा के कामकाज और नए लोगों की भर्ती संभालता है।

दूसरा समूह कथित तौर पर योजना बनाने, फंडिंग और निशाने तय करने का काम करता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, FBI के ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा समेत कई प्रमुख सदस्य भूमिगत हो गए हैं।


लॉरेंस जेल से वर्चुअल सुनवाई में शामिल होता है

जेल के बाहर की दुनिया से उसका संपर्क मुख्य रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली अदालती सुनवाई और वकील के साथ कानूनी मामलों पर चर्चा तक सीमित बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, लॉरेंस जेल में अनुशासित दिनचर्या का पालन करता है। वह सुबह ध्यान करता है, नियमित रूप से हनुमान चालीसा पढ़ता है, व्रत रखता है और शाकाहारी भोजन करता है।


मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को वारदात के बाद भी बाहर से मदद मिल रही थी। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति टीवी न्यूज देखकर उन्हें पुलिस की जांच के अपडेट दे रहा था।